सुरक्षा की अनदेखी से नाराज़ भाजपा विधायक ललन ने खुद संभाली सुरक्षा, गृह मंत्रालय और सीएम को लिखा पत्र,

मैं ज़मीन से जुड़ा हुआ व्यक्ति हूं और किसी भी असामाजिक तत्व से डरने वाला नहीं हूं– ललन पासवान।

दस्तक7मिडिया,ई.आर के जायसवाल, पटना।

पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक ललन कुमार पासवान ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। सुरक्षा में कथित अनदेखी से नाराज़ होकर उन्होंने स्वयं हथियार उठा लिए हैं और इसकी जानकारी गृह मंत्रालय तथा बिहार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दी है। विधायक ने अपने पत्र में सुरक्षा में कटौती और लगातार मिल रही धमकियों का उल्लेख किया है।


सुरक्षा कटौती और जान से मारने की धमकियां
विधायक ललन पासवान ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के आदेश के बाद उनकी सुरक्षा में तैनात तीन अतिरिक्त अंगरक्षकों को हटा दिया गया था, जिसे उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए अनुचित बताया। इसके बाद, मार्च 2024 में उन्हें नक्सलियों के नाम पर फिरौती और जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में पीरपैंती थाने में कांड संख्या 175/2024 भी दर्ज किया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई या गिरफ्तारी नहीं हुई है।


माफियाओं और आपराधिक संगठनों से खतरा
अपने पत्र में विधायक ने आगे कहा कि उन्हें और उनके परिवार को भूमि माफिया, स्टोन चिप्स माफिया, असामाजिक तत्वों और आपराधिक संगठनों से लगातार खतरा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी उन्हें पार्टी बदलने का दबाव बनाने के लिए धमकियां मिल चुकी हैं।
परिवार पर हमला और समर्थकों को धमकी
विधायक ने समाज सेवी ई. आर. के. जायसवाल से फोन पर बात करते हुए बताया कि उनके परिवार के सदस्यों और भाजपा मंडल अध्यक्ष आलोक पासवान पर भी जानलेवा हमला हो चुका है। इसके अलावा, उनके समर्थकों को भी लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसके संबंध में कई मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं।
विधायक ने कहा कि उनके सुरक्षा गार्डों के पास लंबी दूरी तक मार करने वाले आधुनिक हथियार नहीं हैं, जिससे वे अपनी और अपने परिवार की प्रभावी ढंग से रक्षा नहीं कर पा रहे हैं।
इन सभी कारणों से, विधायक ललन पासवान ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए स्वयं हथियार उठा लिए हैं। उन्होंने कहा, “मैं ज़मीन से जुड़ा हुआ व्यक्ति हूं और किसी भी असामाजिक तत्व से डरने वाला नहीं हूं।”