सिंहवाड़ा स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा : मुख्य पार्षद और साथियों ने तकनीकी सहायक से की मारपीट, एक्स-रे रूम में तोड़फोड़,स्वास्थ्यकर्मियों ने थाना में दिया आवेदन।

दस्तक 7मीडिया ,सिंहबाड़ा /

सिंहवाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मुख्य पार्षद प्रेम कुमार भगत और उनके साथियों ने एक्स-रे तकनीकी सहायक गौतम कुमार पर हमला कर दिया। इस हमले में गौतम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके दांत टूट गए। उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना तब हुई जब गौतम कुमार मरीज का एक्स-रे करने की तैयारी कर रहे थे। बिजली कटने के बाद जेनरेटर चालू किया गया, लेकिन वोल्टेज कम होने से मशीन काम नहीं कर रही थी। तकनीकी सहायक ने कुछ मिनट का समय मांगा तो मुख्य पार्षद और उनके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

हमलावरों ने सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। एक्स-रे विभाग का रजिस्टर फाड़ दिया, बेड पलटकर फर्श तक तोड़ दिया। अस्पताल परिसर में अचानक हुए इस बवाल से मरीज और परिजन दहशत में आ गए।

घटना की जानकारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दी गई। वहीं, थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है और मामले की जांच की जा रही है। घायल गौतम कुमार ने अपनी शिकायत में कहा कि वे बाहरी कर्मी हैं और उन्हें जान का खतरा है।

इधर कार्यपालक पदाधिकारी अक्षय कुमार का कहना है कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब घायल कर्मी ने उनकी गाड़ी में मोटरसाइकिल से टक्कर मार दी थी।

अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत घायल को दंत चिकित्सक के पास भेजा। घटना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।अगर ऐसी ही स्थिति रही तों फिर से कोई घटना घट सकती हे।