जमुई के टाउन थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग का मामला सामने आया है। घटना बाबू टोला इलाके की है। पीड़िता की पहचान मोहन सिंह की 60 वर्षीय पत्नी निशा सिंह के रूप में हुई है।
पहले से घात लगाए बदमाशों ने वारदात काे दिया अंजाम
गुरुवार की शाम को निशा सिंह अपने घर के पास स्थित शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं। टोयोटा शोरूम के पास शिव मंदिर के नजदीक नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाश पहले से घात लगाए हुए थे। बदमाशों ने महिला के गले से डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद , पुलिस बोली – कार्रवाई जल्द
घटना नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। पीड़िता ने टाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
