दरभंगा में ईद-मिलाद-उल-नबी को लेकर कड़े सुरक्षा इंतज़ाम

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

ईद-मिलाद-उल-नबी पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए बताया कि 5 सितम्बर को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर पूरे जिले में सतर्कता बरती जा रही है।

178 संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल

प्रशासन ने जिले के 178 स्थलों को संवेदनशील चिह्नित कर वहां दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की है। भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान की जा चुकी है और उन पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

सोशल मीडिया पर पैनी नजर

गलत खबर या अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया सेल लगातार निगरानी रखेगा और आपत्तिजनक पोस्टों को तुरंत हटाने के साथ ही दोषियों पर केस दर्ज किया जाएगा।

यातायात पर विशेष ध्यान

नमाज के दौरान भीड़ और जुलूस के कारण ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। ऐसे में सभी प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है।

क्यूआरटी और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था

प्रत्येक अनुमंडल में दंगा निरोधक बल की क्यूआरटी (Quick Reaction Team) बनाई गई है। पुलिस बलों को बॉडी प्रोटेक्टर, आंसू गैस, रस्सी और अन्य उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए सेक्टर वाइज पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। महिला पुलिसकर्मी भी सादे लिबास में निगरानी करेंगी।

जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय

5 सितम्बर की सुबह से लेकर जुलूस समाप्ति तक जिला समाहरणालय में नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा। सभी थाना चौकसी पर रहेंगे और हर दो घंटे पर स्थिति की रिपोर्ट देंगे।

अवकाश स्थगित

त्योहार के दौरान सभी तरह की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। अधिकारियों और पुलिस बल को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी प्रतिनियुक्ति स्थल पर समय से पहुंचकर पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी निभाएं।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने साफ कहा है कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।