दरभंगा: प्रधानमंत्री की माता पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं का चक्का जाम
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
महागठबंधन की “वोटर अधिकार यात्रा” के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता पर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को दरभंगा जिले में एनडीए कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस घटना के विरोध में भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने सुबह से ही विभिन्न सड़कों पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, महागठबंधन की यात्रा के दौरान दरभंगा में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की माता के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इस टिप्पणी के सामने आने के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दल आक्रोशित थे। भाजपा ने इस घटना को लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बताते हुए महागठबंधन के नेताओं, विशेष रूप से कांग्रेस और राजद से माफी की मांग की है। एनडीए ने बिहार बंद का आह्वान किया था। इसी के तहत दरभंगा जिला अंतर्गत बिरौल, बेनीपुर सहित कई जगहों पर भाजपा, जदयू,हम और भाजपा, जदयू महिला मोर्चा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और राहुल गांधी, तेजस्वी खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारी इस बात को लेकर बेहद गुस्से में थे कि राजनीति में व्यक्तिगत हमलों को इस स्तर तक गिराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मां का सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी कीमत पर उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एनडीए नेताओं ने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी न केवल प्रधानमंत्री की माता का अपमान है, बल्कि यह पूरे देश की माताओं और बहनों का अपमान है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस तरह के कुकृत्य का जवाब आगामी चुनावों में देगी। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान आपातकालीन सेवाओं और रेलवे को मुक्त रखा गया। इस दौरान बिरौल -दरभंगा मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन के साथ की व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। मौके पर गौड़ा बौराम विधानसभा के संयोजक मणिकांत मिश्र, विधायक प्रतिनिधि रंजीत सिंह, विधानसभा प्रभारी माधव चौधरी, विधानसभा विस्तारक सुखेन्द्र झा, मंडल अध्यक्ष शिवकांत सहनी, जदयू के कामरान खान, सुरेश गुप्ता, प्रदीप प्रधान, रंजीत झा, राजकुमार सहनी, तेतरी देवी,उषा देवी,तिरो देवी, अमेरिका देवी, हीरा देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भाग लिया। समाचार लिखे जाने तक बंद जारी था।
