दरभंगा जिले के बिरौल प्रखंड की सुपौल पंचायत में नाला मरम्मत को लेकर घोटाले का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने मुखिया और जूनियर इंजीनियर पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
नाला मरम्मत में नए ढक्कन की जगह पुराने ढक्कन का इस्तेमाल किया गया है। इस काम में कितनी राशि खर्च की गई, इसकी जानकारी देने वाला कोई शिलापट्ट भी नहीं लगाया गया है।
विजय कुमार, छोटे सहनी और चंदन कुमार समेत कई ग्रामीणों ने मुखिया और जेई पर सरकारी राशि के बंदरबांट का आरोप लगाया है। पंचायत में विकास योजनाओं का दुरुपयोग होने से ग्रामीण नाराज हैं।
समाजसेवी चन्द्र विजय साह ने कहा कि यह मामला गंभीर है। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बीडीओ प्रदीप कुमार झा ने कहा है कि लिखित शिकायत मिलने पर स्थल की जांच की जाएगी।
