सीवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र के मठिया गांव में रविवार सुबह एक युवक को छत पर घायल अवस्था में पाया गया। घायल युवक की पहचान पान मोहम्मद के 18 वर्षीय बेटे मो. सुभान के रूप में हुई है। युवक की कनपटी पर गोली लगी है और उसके पास से एक पिस्तौल बरामद की गई है।

सुभान शनिवार की रात छत पर सोया था। सुबह करीब 6 बजे उसके दोस्तों ने परिवार को सूचित किया कि उसे गोली लगी है। चचेरे भाई आशिक अली के अनुसार घर में किसी को गोली की आवाज नहीं सुनाई दी। उन्होंने दोस्तों की भूमिका पर संदेह जताया है।

घायल को पटना किया रेफर

परिजनों ने सुभान को पहले स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। सुभान के पिता मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं और उनकी ब्रेन सर्जरी हो चुकी है।

महाराजगंज एसडीपीओ अमन ने बताया कि पुलिस मौके से बरामद पिस्तौल के साथ मामले की जांच कर रही है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल थाना मुख्यालय से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।