नगर पंचायत में गड्ढा भरने के नाम पर अव्यवस्था, सड़क पर ईंट और मिट्टी ने बढ़ाई मुसीबत

दस्तक7मिडिया, बिरौल दरभंगा।

प्रखंड के नगर पंचायत बिरौल के जनपटी गांव में सड़क मरम्मत और अव्यवस्थित प्रक्रिया ने स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों को भरने के नाम पर जिस तरह से ईट के टुकड़े और मिट्टी बिखेर दी गई है, उससे बाइक सवारों और पैदल चलने वालों का रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है। पिछले चार दिनों से इस सड़क पर आवाजाही करने वाले लोग भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह काम किस योजना के तहत और किसके निर्देश पर किया गया है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। लक्ष्मण मंडल, मुरारी चौधरी, श्याम चौधरी और जयसी लाल कमती, राजेन्द्र सिंह सहित कई लोगों ने इस अव्यवस्थित काम पर नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि अगर सड़क की मरम्मत करनी ही थी, तो उसे सही ढंग से किया जाना चाहिए था ताकि लोगों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो।
सड़क पर बिखरी मिट्टी और ईट के कारण जगह-जगह फिसलन हो गई है, जिससे आए दिन छोटे-मोटे हादसे हो रहे हैं। बारिश होने पर स्थिति और भी बदतर हो जाती है, क्योंकि मिट्टी कीचड़ में बदल जाती है और गड्ढों का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय प्रशासन से यह अपेक्षा की जाती है कि वह इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करे और सड़क को ठीक से बनवाए ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके।