दरभंगा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

दरभंगा के शोभन में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। वर्तमान में, अभियंताओं की देखरेख में मजदूर स्थल की घेराबंदी करने और मुख्य द्वार बनाने में लगे हुए हैं। यह प्रोजेक्ट क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकास है, जो स्वास्थ्य सेवा और रोजगार के अवसर बढ़ाएगा। जानकारी के अनुसार दरभंगा के शोभन में निर्माणाधीन एम्स बिहार का दूसरा एम्स होगा। यह एकमी-शोभन बाईपास के पास बनाया जा रहा है।
यह लगभग 188 एकड़ भूमि पर बनाया जा रहा है।
इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 1,261 करोड़ रुपये है। इसमें 750 बेड होंगे, जिससे मिथिलांचल और पड़ोसी नेपाल के करोड़ों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 नवंबर 2024 को इसका शिलान्यास किया था। जानकार सूत्रों के अनुसार
एम्स के निर्माण का जिम्मा एचएससीसी इंडिया लिमिटेड को दिया गया है। चूंकि यह जमीन निचले हिस्से में है, इसलिए आईआईटी दिल्ली ने इसका ऐसा नक्शा तैयार किया है जिससे यहां जल-जमाव की समस्या न हो। परिसर को बाढ़ से बचाने के लिए चारों ओर रिंग बांध बनाने का भी प्रस्ताव है। इस अस्पताल को 36 महीने (3 साल) में बनाकर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। एम्स स्थल तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए शोभन में फोर-लेन बाईपास भी बनाया जा रहा है।