किशनगंज के नगर पंचायत पौआखाली में एलआरपी चौक से नगर पंचायत भवन तक 81 लाख रुपए की लागत से आरसीसी बॉक्स नाला निर्माण कार्य में अनियमितता का मामला सामने आया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर सहायक परियोजना निर्देशक सुनील कुमार ने आज मौके पर पहुंचकर जांच की।
निर्माण कार्य में कई खामियां पाई गईं। लोहे की रॉड को वी आकार में डालने की जगह एल आकार में डाला जा रहा था। जमे हुए पानी में ढलाई का काम किया जा रहा था। नाले के निचले हिस्से की ढलाई भी ठीक से नहीं की गई थी।
गौरतलब हो कि, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबूनसर आलम, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अबुजर गफ्फारी समेत अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य को रोक दिया था। उनका कहना है कि इस तरह की ढलाई से नाले की मजबूती और लंबी अवधि तक उपयोग पर असर पड़ेगा। सहायक परियोजना सुनील कुमार निर्देशक ने निर्माण कार्य में सुधार के लिए कई दिशा-निर्देश दिए हैं।
काम में सुधार नहीं होने पर DM को देंगे लेटर
उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबूनसर आलम ने चेतावनी दी है कि अगर जांच के बाद भी काम में सुधार नहीं होता है, तो वे जिलाधिकारी को आवेदन देंगे।
