किशनगंज के ठाकुरगंज में NH 327 ई के रेल ओवर ब्रिज के दोनों ओर बनी सर्विस रोड की स्थिति चिंताजनक हो गई है। सड़क पर बने गड्ढों और जलजमाव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
सोमवार सुबह एक और हादसा हुआ। बाइक सवार मोहम्मद सरताज आलम धर्मकांटा चौक की ओर जा रहा था। एक गहरे गड्ढे में बाइक का अगला पहिया फंस गया। इससे उसका पैर फिसल गया और वो घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे समुदाय स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरगंज पहुंचाया। वहां डॉ. अखलाकुर रहमान की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
सर्विस रोड की स्थिति लगातार हो रही खराब
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सर्विस रोड की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सड़क पर एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा रहता है। पानी के नीचे बड़े-बड़े गड्ढे छिपे हैं। इससे स्कूली बच्चे, सवारी वाहन और राहगीर प्रभावित हो रहे हैं। कई बार वाहनों को धक्का देकर निकालना पड़ता है। पश्चिमी सर्विस रोड पर यह समस्या ज्यादा गंभीर है।
स्थानीय लोगों ने की सड़क मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से सड़क की मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो हादसों की संख्या बढ़ सकती है। विभागीय उदासीनता को लेकर लोगों में आक्रोश है। प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है।
