कटिहार के प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ से स्थिति विकट बनी हुई है। उत्तरी लालगंज पंचायत में करीब 20 हजार की आबादी में से 10 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
उन्होंने उत्तरी लालगंज, दक्षिणी लालगंज, केवाला और रोशना पंचायतों में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। बाढ़ के कारण कई घरों में पानी घुस गया है। चूल्हे, शौचालय, चापाकल और खेत-खलिहान जलमग्न हैं।
लोग खाना नहीं बना पा रहे हैं और सूखा राशन खाकर दिन बिता रहे हैं। आवागमन के लिए नावों की व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों को पानी में चलकर एक जगह से दूसरी जगह जाना पड़ रहा है। उत्तरी लालगंज पंचायत के मुखिया तनवीर अहमद ने अधिकारियों को लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने कटिहार सांसद तारिक अनवर को भी स्थिति से अवगत करा दिया है।
कम्युनिटी किचन शुरू करने की मांग की
तौकीर आलम ने अंचलाधिकारी से बात कर जांच और राहत की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कम्युनिटी किचन शुरू करने की भी मांग की है। प्राणपुर की किसी भी पंचायत में अब तक सरकारी राहत नहीं पहुंची है। दौरे के समय मुखिया तनवीर अहमद, वार्ड सदस्य अकमल हुसैन और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनोहर कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।
