मुंगेर:बिहार को एक के बाद एक वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल रही है. इसी क्रम में पूर्व रेलवे के अधीन चलने वाली जमालपुर–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को आज हरी झंडी दिखाई जाएगी. 17 अगस्त से ट्रेन का नियमित संचालन किया जाएगा. इस संबंध में संबंधित रेलवे ने सभी स्टेशनों का नया टाइमटेबल जारी कर दिया है, ताकि यात्रियों को पहले से जानकारी रहे और वो परेशान ना हो.

8 स्टेशनों पर ठहरेगी वंदे भारत ट्रेन:यह ट्रेन 22309 और 22310 नंबर से चलेगी और 441 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 6 घंटे 35 मिनट में पूरी करेगी. साथ ही यात्रा के दौरान जमालपुर–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव बराहाट, मंदारहिल, हंसडीहा, नोनियात, दुमका, रामपुरहाट और बोलपुर शांति निकेतन है.

जमालपुर से रात 10 बजे चलेगी ट्रेन:22310 जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन रात 10:05 पर जमालपुर से खुलेगी और फिर भागलपुर 10 बजकर 35 मिनट पर पहुंचेगी. इसके बाद सुक्क 12 बजकर 25 मिनट, रामपुरहाट 1 बजकर 30 मिनट, बोलपुर शांतिनिकेतन 2 बजकर 55 मिनट और सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर हावड़ा पहुंचेगी.

दोपहर में पहुंचेगी जमालपुर:वहीं, 22309 हावड़ा-जमालपुर वंदे भारत सुबह 7:45 पर हावड़ा से खुलेगी और बोलपुर 9:03 पर पहुंचेगी, जबकि रामपुरहाट 10:28 पर और सुक्क 11:28 पर ट्रेन पहुंचेगी. इसके अलावा भागलपुर 1 बजकर 15 मिनट और दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर जमालपुर पहुंचेगी.

”इस बदलाव के चलते कई अन्य ट्रेनों के समय में भी संशोधन किया गया है, ताकि वंदे भारत की आवाजाही में कोई बाधा ना आए. भागलपुर-हंसडीहा,जमालपुर-सभानपुर, जमालपुर-रामपुरहाट समेत कई पैसेंजर और इंटरसिटी ट्रेनों का टाइमटेबल बदला गया है. ऐसे में यात्री यात्रा से पहले नई समय-सारणी जरूर देख लें”.-कौशिक मित्रा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्व रेलवे

ये होगा किराया:इस ट्रेन में 8 कोच होंगे. जिनमें एक एग्जिक्यूटिव चेयर और सात कार चेयर शामिल हैं. यात्री IRCTC की बेवसाइट और मोबाइल ऐप पर टिकट बुकिंग कर सकते हैं. एसी चेयर का किराया 1290 रुपए है, जबकि एग्जिक्यूटिव चेयर का किराया 2335 रुपए हैं.