कैमूर के मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में बारिश के कारण गंभीर स्थिति बन गई है। शहर के नाले का गंदा पानी पूरे अस्पताल परिसर में भर गया है। अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर का इमरजेंसी वार्ड, दवा काउंटर और टिकट काउंटर पानी से लबालब हैं। स्थिति यह है कि मरीज और स्वास्थ्यकर्मी गंदे पानी के बीच से गुजरकर अपना काम करने को मजबूर हैं।
आज सुबह की बारिश में ट्रॉमा सेंटर की जर्जर इमारत की छत का एक हिस्सा गिर गया। सौभाग्य से उस समय वहां कोई नहीं था। अस्पताल की कर्मी पुष्पा देवी ने बताया कि सुबह 8 बजे ड्यूटी पर आने पर देखा कि सभी कमरों में नाले का पानी भर गया था।
अस्पताल में पानी के बीच बैठी महिला।
ट्रॉमा सेंटर में घुसा पानी
अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर विजय कुमार ने बताया कि यह समस्या अधूरे नाला निर्माण की वजह से है। ट्रॉमा सेंटर का निर्माण नीचे की तरफ होने से वहां पानी जमा हो जाता है। उन्होंने कहा कि जर्जर ट्रॉमा सेंटर को जल्द खाली करवाया जाएगा।
मरीजों के परिजनों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़की देवकली के सुधू सिंह ने बताया कि दवा लेने आए हैं, लेकिन काउंटर बंद है और चारों तरफ पानी भरा हुआ है।
