AIMIM ने किशनगंज में नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। पार्टी ने नसीम अख्तर को यह जिम्मेदारी सौंपी है। पूर्व जिला अध्यक्ष रहीमुद्दीन उर्फ हैबरबाबा को संगीन मामलों में पुलिस केस के चलते पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कजलामनी स्थित पार्टी कार्यालय में नसीम अख्तर की नियुक्ति की घोषणा की। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर नए अध्यक्ष का स्वागत किया।
किशनगंज में AIMIM द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस।
मतदाता पुनरीक्षण में अनियमितता का मुद्दा उठाया
अख्तरुल ईमान ने बताया कि पार्टी 2025 के विधानसभा चुनाव में सीमांचल समेत बिहार के कई विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल करना चाहती है। उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण में अनियमितता का मुद्दा भी उठाया।
AIMIM इंडी गठबंधन में शामिल नहीं हो पाई है। अब पार्टी थर्ड फ्रंट बनाने की तैयारी में है। ईमान ने कहा कि इस बारे में इसी महीने घोषणा की जाएगी। उन्होंने राजद पर भी निशाना साधा और कहा कि मुस्लिम और दलित वोटरों को बराबरी का दर्जा नहीं मिला।
किशनगंज के सभी वर्गों के हित में काम करने का संकल्प
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष नसीम अख्तर ने पार्टी का आभार जताते हुए किशनगंज के सभी वर्गों के हित में काम करने का संकल्प लिया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी का फोकस सामाजिक न्याय, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर रहेगा। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रहीमुद्दीन उर्फ हैबर को पार्टी से निष्कासित किए जाने की भी चर्चा हुई, जिन पर सरकारी धन के गबन का आरोप है। पार्टी ने इस कदम को अपनी छवि को स्वच्छ रखने की दिशा में उठाया गया कदम बताया। इस मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष इशहाक आलम सहित अन्य लोग मौजूद थे।
