125 यूनिट मुफ्त बिजली से जनता खुश: प्रो. विनय चौधरी

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कारपोरेशन की ओर से जनसंवाद सह उपभोक्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बेनीपुर के विधायक प्रो.विनय कुमार चौधरी ने जनता को संबोधित किया। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझते हैं और उन्हें हल करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। पहले बिजली की स्थिति काफी खराब थी,लेकिन मुख्यमंत्री ने बिजली उत्पादन और वितरण पर खास ध्यान देकर हर घर में बिजली पहुंचाना सुनिश्चित किया।उन्होंने बताया कि पहले लोगों को बिजली बिल में 50% छूट दी जाती थी,लेकिन अब मुख्यमंत्री,दोनों उपमुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के निर्णय से राज्य के करीब 1 करोड़ 79 लाख उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है। दरभंगा जिले के करीब 7 लाख 52 हजार उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
विधायक ने बताया कि जिले की बिजली खपत अब 453 मेगावाट से अधिक हो गई है। इसका असर यह है कि अब गांवों में भी रोजाना 20 से 22 घंटे तक बिजली मिल रही है,जिससे आम लोग काफी खुश हैं।हालांकि,उन्होंने यह भी कहा कि इन दिनों बिजली कटने की समस्या थोड़ी बढ़ गई है,जिसे सुधारने की जरूरत है। ट्रांसफार्मर बदले तो जल्दी जाते हैं,लेकिन ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने के कारण बार-बार लोड की समस्या आती है। इसके लिए उन्होंने गांवों में तैनात अभियंताओं को नियमित निरीक्षण करने की सलाह दी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस योजना के लिए सरकार का आभार जताया और इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।