सुपौल के वीरपुर स्थित एसएसबी 45वीं बटालियन में मंगलवार को सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं में उत्साह, देशभक्ति और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अंतर विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता से हुई।
जिसमें कन्या मध्य विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, सावित्री प्रभा पब्लिक स्कूल, राजकीय कोशी मध्य विद्यालय और एस.एन.सी.बी.एस.ई. स्कूल की कुल 85 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में 50 मीटर, 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, शॉट पुट आदि खेल शामिल थे।
प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित
विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत छात्राओं के बीच निबंध लेखन प्रतियोगिता और तिरंगा रैली भी आयोजित हुई। निबंध के विषय थे, हमारा राष्ट्रीय ध्वज और हमारे जीवन में स्वतंत्रता दिवस का महत्व।
इस दौरान छात्राओं में गहरी देशभक्ति की भावना देखने को मिली। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वाहिनी द्वारा वृहद पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। 9,000 पौधों के रोपण लक्ष्य के तहत स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए किया आमंत्रित
वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को स्वतंत्रता दिवस-2025 समारोह में शामिल करने के लिए भारत सरकार द्वारा आमंत्रित किया जा रहा है। इसी क्रम में 45वीं वाहिनी परिसर से श्री देवनारायण मेहता और श्रीमती सुनीता देवी को दिल्ली के लिए पारंपरिक आवभगत के साथ रवाना किया गया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, उप कमांडेंट प्रवीण कौशिक और सुमन सौरभ, अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवान तथा विभिन्न स्कूलों के शिक्षक मौजूद रहे।
इन आयोजनों ने न केवल छात्रों के भीतर प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित किया, बल्कि देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास की भावना को भी मजबूती दी। 45वीं वाहिनी द्वारा समय-समय पर ऐसे प्रयास सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं के उत्साह और जागरूकता में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
