कटिहार के आजमनगर प्रखंड स्थित बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर में सावन महीने की आमदनी का लेखा-जोखा सामने आया है। मंदिर कमेटी की बैठक में उपाध्यक्ष अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि इस सावन में कुल 46 लाख 80 हजार 684 रुपए का चढ़ावा प्राप्त हुआ।
आमदनी के विभिन्न स्रोतों में शीघ्र दर्शन से 14.17 लाख रुपए और दान पेटी से 8.68 लाख रुपए प्राप्त हुए। मेला दुकान से 4.84 लाख, मुंडन से 2.45 लाख और पंडित रसीद से 1.60 लाख रुपए की आय हुई। सोमवारी के दर्शन से भी अच्छी आमदनी हुई। पहले सोमवार को 1.64 लाख, दूसरे को 3.02 लाख, तीसरे को 5.36 लाख और चौथे सोमवार को 5.42 लाख रुपए प्राप्त हुए।
विदेशी श्रद्धालुओं से मिला चढ़ावा
विदेशी श्रद्धालुओं से नेपाली मुद्रा में 6,850 और भूटानी मुद्रा में 3,000 रुपए का चढ़ावा मिला। द्रव्य के रूप में चांदी के 7 त्रिशूल, 4 चेन, 12 टुकड़े और सोने के 2 टुकड़े भी प्राप्त हुए।
बैठक में बारसोई SDO श्वेतम दीक्षित, सचिव पिंटू यादव, कोषाध्यक्ष दिलीप सिंह, आरओ अलका आर्या सहित मंदिर कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित थे। गौरतलब है कि हर साल सावन में लाखों श्रद्धालु यहां भगवान शिव का जलाभिषेक करने आते हैं।
