कटिहार के आजमनगर मुख्य बाजार के निकट तहसीलदार टोला में निर्माणाधीन पुल और डायवर्जन पर जलजमाव से लोगों को आवाजाही में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

यह मार्ग आजमनगर मुख्य बाजार से सिंहपुर होते हुए बंगाल को जोड़ता है। लगातार बारिश के कारण यहां आवाजाही पहले से ही बाधित है। डायवर्जन पर और उसके दोनों ओर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे लोग जान जोखिम में डालकर आना-जाना कर रहे हैं।

कटिहार में अधूरा बना पुल।

मार्च 2024 में शुरू हुआ कार्य

ग्रामीणों के अनुसार, 2017 में आई बाढ़ से यह पुल ध्वस्त हो गया था। इसके निर्माण का कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था। लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी पुल अधूरा है।

पुल की जांच कराने की मांग

स्थानीय लोगों में इस विषय पर काफी आक्रोश है। उन्होंने कटिहार के जिला पदाधिकारी से पुल की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक की मनमानी के कारण पुल का निर्माण अधूरा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।

सोशल एक्टिविस्ट अजहर निजामी ने बताया कि संवेदक ने बरसात के मौसम में कार्य शुरू किया था। इसके कारण स्थल पर जलजमाव हो गया और पुल का निर्माण अधूरा रह गया है।