बिहार के सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में दरौली-छपरा मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इसमें 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग सड़क पार कर रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग उछलकर कई फुट दूर जा गिरा। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी। फिर घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घर के लिए आ रहा था बुजुर्ग

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन चालक फरार हो चुका था। मृतक की पहचान गंगपुर सिसवन निवासी भावनाथ यादव के पुत्र विश्वनाथ यादव (70) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि विश्वनाथ यादव की कोई संतान नहीं थी और उनकी पत्नी का निधन कई वर्ष पूर्व हो गया था। वे अपना अधिकतर समय खेतों में ही बिताते थे। रविवार की रात भी वे खेत से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
मामले की जांच में जुटी पुलिस

 

परिवार के सदस्यों ने बताया कि विश्वनाथ यादव शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, उनकी अचानक मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वाहन चालक की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही सिसवन थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात वाहन की तलाश में छानबीन शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस ने कहा आरोपी जल्द पकड़ा जाएगा
स्थानीय लोगों का कहना है कि दरौली-छपरा मुख्य मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन हादसों का कारण बनते हैं। क्षेत्र में पर्याप्त स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड न होने से दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने सड़क पर रफ्तार नियंत्रण और सुरक्षा उपायों की व्यवस्था की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक को पकड़ा जाएगा, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।