सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव से लापता हुआ 14 वर्षीय अंशु कुमार तीन दिन बाद कैमूर जिले के मोहनिया में मिल गया है। अंशु स्वर्गीय सिकंदर यादव का पुत्र है और मानसिक स्थिति ठीक न होने के बावजूद अपना नाम-पता बताने में सक्षम है।
बच्चे के चचेरे भाई वशिष्ठ यादव ने बताया कि मां के डांटने से नाराज होकर अंशु किसी ट्रेन पकड़कर घर से चला गया था। परिवार ने सलखुआ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसका पता लगाने की कोशिश कर रहे थे।
कल शाम सलखुआ थाने से परिवार को सूचना मिली कि अंशु कैमूर जिले के मोहनिया थाने में है। सूचना मिलते ही परिजन रात में ही मोहनिया के लिए निकल पड़े और आज शाम वहां पहुंचकर बच्चे की पहचान कर उसे सकुशल घर ले आए।
मोहनिया थाना प्रभारी प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि डायल 112 टीम ने कल शाम दुघरा रेलवे पुल के पास बच्चे को घूमते हुए पाया था। थाने में लाकर बच्चे से जानकारी ली गई और उसके बताए अनुसार संबंधित थाने से संपर्क कर परिजनों को सूचित किया गया। आज परिजन बच्चे की पहचान कर उसे अपने साथ घर ले गए।
