बिरौल पंचायत में जर्जर सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया। कहा किसी भी उम्मीदवार को वोट नहीं देंगे।

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल पंचायत में जर्जर सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की है।
बिरौल गांव के मध्य से गुजरने वाले सुपौल रामनगर चौक से लेकर हनुमान नगर तक जाने वाली यह सड़क दो हजार फीट तक पुर्ण रुप से जर्जर हो कर गढ्ढा में तब्दील हो गया और बरसात आते ही इसमें जल जमाव की स्थिति बन गई है। जल निकासी का समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गया। प्रखंड के बिरौल पंचायत में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का धैर्य अब जवाब दे गया है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने आज एक अनोखा प्रदर्शन किया। जलजमाव से भरी हुई सड़क पर उतरकर उन्होंने धान की रोपाई की और इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी।
बरसात के दिनों में यह सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए तो यह सड़क किसी चुनौती से कम नहीं है। कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन और चुने हुए प्रतिनिधियों ने आज तक इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय निवासी पप्पू सिंह, सुरेश यादव,छोटु सिंह, सौरभ सिंह मंटु, सज्जन कुमार, रंजीत सिंह,राजा,सोनु,मोनु, कृष्णा सहित कई लोगों
ने कहा, “हमने कई बार आवेदन दिए, जनप्रतिनिधियों से मिले, लेकिन हमारी किसी ने नहीं सुनी। यह सड़क हमारी जिंदगी का हिस्सा बन गई है, लेकिन इसकी हालत बद से बदतर होती जा रही है।”
एक अन्य ग्रामीण ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, “छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाने में डरते हैं। बीमार लोगों को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता है। अब हमारे पास चुनाव बहिष्कार के अलावा कोई चारा नहीं बचा है।”
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वे विधानसभा चुनाव में किसी भी उम्मीदवार को वोट नहीं देंगे।