सीवान में बड़हरिया-बरौली मुख्य मार्ग पर हरपुर मोड़ के पास शनिवार सुबह हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में 3 स्कूली छात्राओं सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बरौली से बड़हरिया की ओर आ रही तेज रफ्तार और बेकाबू स्वीफ्ट कार अचानक विपरीत दिशा से आ रही 2 बाइकों और सड़क किनारे पैदल जा रही 3 छात्राओं को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे सामने से आ रही बाइकों में जा भिड़ा। टक्कर के बाद कार ने सड़क किनारे चल रही कोचिंग जा रही 3 छात्राओं को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्राएं बुरी तरह घायल हो गईं। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत बड़हरिया CHC पहुंचाया गया।
बाइक से कपड़ा खरीदकर लौट रहा था
डॉक्टरों ने छात्राओं और बाइक ड्राइवरों की गंभीर हालत को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में धनाव निवासी हरि साह की बेटी रानी कुमारी, बरौली थाना क्षेत्र के बढ़ेयां निवासी अजय कुमार और मांझा गढ़ थाना क्षेत्र के धर्म परसा निवासी एक युवक शामिल है। बताया गया कि अजय कुमार सीवान से कपड़ा खरीदकर बाइक से बरौली लौट रहे थे, जबकि धर्म परसा निवासी युवक भी अपने घर लौट रहा था।
सीवान सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, रानी कुमारी का प्राथमिक इलाज स्थानीय सीएचसी में किया गया, जबकि बाकी घायलों को सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
2 की हालत चिंताजनक, पटना रेफर
दुर्घटना में घायल 2 युवकों की हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क हादसा कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ है। बरौली से बड़हरिया की ओर आने के दौरान चालक ने न तो गति नियंत्रित की और न ही सामने से आ रही बाइकों का ध्यान रखा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़हरिया-बरौली मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं।
