जमुई के गिद्धौर में रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर बाजारों में भीड़ बढ़ गई है। दुकानों पर भाई-बहन के प्यार को दर्शाने वाले गाने बज रहे हैं और राखी की दुकानें सज गई हैं।
इस वर्ष परंपरागत कच्चे धागे और रेशम की डोर के अलावा, बदलते ट्रेंड के अनुसार सोने और चांदी की राखियों की मांग बढ़ गई है। बहनें अपने भाइयों के लिए ब्रेसलेट स्टाइल में राखियां तैयार करवा रही हैं।
दीपक जेवरात के स्वर्णकार दीपक ने बताया कि रक्षाबंधन के लिए विशेष रूप से तैयार की गई ब्रेसलेट स्टाइल की सोने की राखियों की कीमत 20 से 32 हजार रुपये है। इन्हें साल भर कलाई में पहना जा सकता है।
इस बार चांदी की राखी की मांग अधिक देखी जा रही है। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ दूर-दराज से आई बहनें भी अपने भाइयों के लिए चांदी की राखी खरीद रही हैं। चांदी की राखियां 1200 से 2500 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं।
रक्षाबंधन के अवसर पर भाई भी अपनी बहनों को गिफ्ट देने की तैयारी में जुटे हुए हैं। परंपरा के अनुसार, बहनें भाई का मुंह मीठा करती हैं और बदले में भाई भी व्रती बहनों को मिठाई खिलाकर रस्म निभाते हैं।
डिब्बाबंद मिठाइयों में रसगुल्ले की मांग सबसे अधिक है। स्थानीय चॉकलेट विक्रेता के अनुसार, केडबरी, नेस्ले, अमूल, सैफहायर और फेरेरो रोचर जैसी डिब्बाबंद चॉकलेट की बिक्री भी बढ़ गई है। ये चॉकलेट 10-20 रुपये से लेकर 100 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं।
