कटिहार में पेट्रोल छिड़ककर पिता-पुत्र को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है, जिसमें मासूम बालक की मौत हो गई है। जबकि उसके पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। इस खौफनाक हमले के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे है ।
कटिहार में पिता-पुत्र को जिंदा जलाने का मामला
कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र के कुर्सेल पंचायत के कचौरा गांव में गुरुवार की रात एक ऐसी दर्दनाक घटना घटी जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। अज्ञात अपराधियों ने हैवानियत की हद पार करते हुए घर में घुसकर पिता-पुत्र पर पेट्रोल छिड़क दिया और जिंदा आग के हवाले कर दिया। इस घटना में 12 वर्षीय सुनील मंडल की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि उसके पिता राम कल्याण गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है।
जमीन विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला घटना के कारणों को लेकर फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में घर के सामने से गुजरने वाली सड़क को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद ने इस जघन्य वारदात को जन्म दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले इस विवाद ने तूल पकड़ा था और तभी से तनाव का माहौल बना हुआ था।
गांव में दहशत, एक व्यक्ति हिरासत में इस खौफनाक हमले के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच जारी है और आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
गम और गुस्से से भरा माहौल मासूम सुनील मंडल की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। परिजन रो-रो कर बदहवास हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं। ग्रामीण भी इस घटना से आक्रोशित हैं और मांग कर रहे हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हैवानियत करने की हिम्मत न कर सके।
