बस स्टैंड गोलीकांड में पुलिस की सख्त कार्रवाई,पांच मुख्य आरोपियों के घर पर चिपकाया गया इस्तेहार

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /गुड्डू राज 

केवटी थाना क्षेत्र के भेड़याही गांव में 9 जुलाई को दिनदहाड़े 16 नकाबपोश अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। इस वारदात के बाद से इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात की,साथ ही घटनास्थल से 7 खोखा बरामद कर जांच शुरू की गई। पीड़ित परिवार ने 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई,जिसमें श्रवण यादव,मनीष यादव,सुनील यादव,बिल्ला और राहुल यादव को मुख्य आरोपी बताया गया है। सदर डीएसपी कमतौल एस.के. सुमन ने बताया कि सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। कोर्ट के आदेश के अनुसार,अब पुलिस ने इन पांचों आरोपियों के घरों पर इस्तेहार चिपकाया है,जिसमें उन्हें निर्धारित समय के अंदर आत्मसमर्पण करने को कहा गया है। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनके घरों की कुर्की की जाएगी। पीड़ित नजरे आलम ने बताया कि उनका भाई शमशे आलम उर्फ पप्पू और अन्य 4 लोग मिलकर दरभंगा बस स्टैंड का टेंडर जीते थे,लेकिन इसके कुछ दिन बाद ही अपराधियों ने बस स्टैंड के गेट पर हवाई फायरिंग की। प्रशासन ने तब कोई कार्रवाई नहीं की,जिससे 9 जुलाई को बड़ी वारदात हो गई। उन्होंने बताया कि 7 बाइक पर सवार 16 अपराधी उनके घर आए और फायरिंग शुरू कर दी,हालांकि सौभाग्य से कोई घायल नहीं हुआ। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और लोगों के बयान के आधार पर,उन्हीं पांच लोगों को मुख्य आरोपी बताया गया है। नजरे आलम ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए,क्योंकि ये सभी एक खतरनाक गैंग से जुड़े हैं और उनका परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है। पुलिस की कार्रवाई जारी है और अब आगे कुर्की की तैयारी की जा रही है।