बंगाल के रायगंज से दो वरिष्ठ श्याम प्रेमी निरंजन अग्रवाल (71) और दिलीप कुमार अग्रवाल (65) साइकिल से निशान लेकर सुपौल स्थित ​​​​​​त्रिवेणीगंज स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे। इनकी साधना और संकल्प शक्ति देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।

मंगलवार को मंदिर परिसर में निशान अर्पण के बाद बाबा श्याम की आरती में शामिल होकर दोनों भक्त पुनः रायगंज की वापसी यात्रा पर निकल पड़े। दोनों श्याम प्रेमियों ने बताया कि शनिवार को गुलाबबाग खाटू श्याम दरबार से यात्रा आरंभ कर दालकोला होते हुए रात में वहीं विश्राम किया।

रविवार को अररिया में विश्राम के उपरांत सोमवार सुबह वे त्रिवेणीगंज स्थित बाबा श्याम मंदिर पहुंचे। यहां दर्जनों श्याम प्रेमियों ने दोनों साइकिल यात्रियों का भावपूर्ण स्वागत किया।

श्याम भक्त दिलीप अग्रवाल इससे पहले तीन बार रायगंज से खाटू श्याम व सालासर धाम की साइकिल यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस बार की त्रिवेणीगंज यात्रा उनके लिए बाबा श्याम की विशेष प्रेरणा थी।

निरंजन अग्रवाल ने कहा कि उम्र कभी आस्था के मार्ग में बाधा नहीं बनती। बस मन में विश्वास और तन में धैर्य चाहिए। दोनों श्याम प्रेमी अक्टूबर में बाबा खाटू श्याम की एक और विशेष साइकिल यात्रा की तैयारी में जुटे हैं।

उन्होंने बताया कि श्रद्धा ही उनका ईंधन है और श्याम नाम ही उनकी ऊर्जा है। इस अवसर पर प्रतीक अग्रवाल, शुभम चौखानी, विवेक केजरीवाल समेत दर्जनों श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।

सभी ने मिलकर बाबा के चरणों में आरती उतारी और श्याम नाम संकीर्तन से पूरा मंदिर गूंज उठा। वार्ड पार्षद सज्जन कुमार संत ने कहा कि बाबा श्याम के मंदिर में साइकिल यात्रियों के आगमन से त्रिवेणीगंज की पावन भूमि एक नई भक्ति चेतना से आलोकित हो उठी।