भदोही जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को निरीक्षण किया। उन्होंने हालात का जायजा लिया और पीड़ितों से मिले। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी उनके साथ मौजूद रहे।

मंत्री शर्मा ने सीतामढ़ी क्षेत्र के हरीरामपुर, कोनिया समेत कई बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया।

मंत्री एके शर्मा ने राहत सामग्री वितरित की।

निरीक्षण के दौरान वे सबसे पहले हरीरामपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने जलमग्न गलियों, प्रभावित घरों और फसलों की स्थिति देखी। इसके बाद शिवकरण मिश्र इंटरमीडिएट कॉलेज में चल रहे राहत शिविर का दौरा किया। वहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की और राहत व्यवस्था की समीक्षा की।

मंत्री एके शर्मा ने सीतामढ़ी स्थित पुंज मल्टीपरपज हॉल में 35 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत किट वितरित की। इन किटों में आवश्यक खाद्य सामग्री, पीने का पानी, दवाइयां और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्यों में कोई लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से पीड़ितों के साथ है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। अंत में उन्होंने भागीरथी नदी के तट पर स्थित वाल्मीकि आश्रम घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने तटबंध की मजबूती और जलस्तर की निगरानी के निर्देश दिए।

इस अवसर पर औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री के इस दौरे से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है।