शुक्रवार को चनावे मंडल कारा में एक कैदी के पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। गोपालगंज कोर्ट से वापस लौटने पर कारा गेट पर तलाशी के दौरान कैदी गुड्डू बाबा उर्फ अजय सिंह के पास से वैशाखी में छिपाकर रखी गई खैनी जैसी लगभग 200 ग्राम आपत्तिजनक सामग्री मिली।

मंडल कारा उपाधीक्षक सोहन कुमार ने इस मामले में थावे थाना में कैदी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गोपालगंज कांड संख्या 914/23 के अभियुक्त अजय सिंह सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के सरेया बसंत के रहने वाले हैं।

कारा गेट पर ड्यूटी पर तैनात कक्षपाल मनीष कुमार और लालू कुमार ने तलाशी के दौरान यह आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। कैदी ने इसे अपनी वैशाखी में छिपाकर रखा था। इस घटना के बाद मंडल कारा प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कैदी के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है।