पटना पर मानसून मेहरबान है। सुबह की झमाझम बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे। कभी रिमझिम फुहारे तो कभी ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहाना बना रहा। इससे पटना का अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस घट गया। पटना का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। लेकिन राज्य में सबसे अधिक बारिश जमुई के गिद्धौर में मूसलाधार बारिश 185 एमएम दर्ज की गई।

झाझा में 180 एमएम, मधुबनी में 53.5, पूसा में 82 एमएम, वाल्मीकिनगर में 46 एमएम और मुजफ्फरपुर 25.5एमएम बारिश हुई। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मोतिहारी में सबसे अधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड की गई। पूसा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होगी। बिहार में सक्रिय मानसून के कारण आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी और पूर्वी जिलों में संभावित बाढ़, जलभराव और वज्रपात को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है।

आज कहां होगी बारिश

पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, खगड़िया, भागलपुर, पटना, बक्सर, भोजपुर के साथ उत्तर-मध्य और पश्चिमी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।

अति भारी वर्षा की संभावना किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, समस्तीपुर।

अत्यंत भारी वर्षा की आशंका: सुपौल, मधुबनी, दरभंगा।