भदोही जनपद के सीतामढ़ी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बारिश की रफ्तार कम होने के बावजूद जलस्तर वृद्धि की गति में कोई कमी नहीं आई है।

सीतामढ़ी में महर्षि वाल्मीकि गंगा घाट पर जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे गंगा के किनारे और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। उड़िया बाबा आश्रम में गंगा नदी का पानी फैलना शुरू हो गया है।

प्रशासन ने गंगा किनारे के क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है। नदियों में आए उफान का असर अब सीतामढ़ी में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। बृहस्पतिवार की रात से गंगा का जलस्तर चार से पांच सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है।

सावन के महीने में आने वाले श्रद्धालु इन परिस्थितियों में भी गंगा स्नान कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।