कटिहार के कुर्सेला प्रखंड के नगर पंचायत वार्ड नंबर 2 में स्थित मेहर मियां टोला प्राथमिक स्कूल तक पहुंचने का रास्ता स्थानीय लोगों और बच्चों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। बरसात और बाढ़ के दिनों में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर जाता है।
इससे बच्चों को स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर पंचायत और प्रखंड प्रशासन से सड़क निर्माण की गुहार लगाई है। लेकिन अभी तक इसका कोई समाधान नहीं निकला है।
बच्चों को स्कूल तक पहुंचने में बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है। दूसरे के खेत के रास्ते से जाने पर उन्हें खेत वालों की डांट सुननी पड़ती है। थोड़ा सा पानी होने पर भी स्कूल को बंद करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया, “हमारे बच्चे रोज गिरते-संभलते स्कूल जाते हैं। बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं, कई बार बच्चे स्कूल ही नहीं जा पाते।” स्कूल के शिक्षकों का कहना है कि खराब रास्ते की वजह से बच्चों की उपस्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है। कई बार इस समस्या की जानकारी संबंधित विभागों को दी गई है, मगर कोई समाधान नहीं हुआ।
पक्की सड़क बनाने की मांग
गांव के लोग प्रशासन से जल्द से जल्द पक्की सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था बनाने की मांग कर रहे हैं। ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
कमरे बने, जाने का रास्ता नहीं बना
जमीन दाता परिवार के गुरुदेव यादव ने बताया कि साल 1984 में सुरेश प्रसाद यादव द्वारा अपने पिता के नाम से 15 डिसमिल जमीन दान की गई थी। इस जमीन पर एक कमरे का स्कूल बना। इसके बाद साल 2008 में हामिद हुसैन ने भी 15 डिसमिल जमीन दान देकर स्कूल भवन का विस्तार कराया।
गुरुदेव यादव ने कहा कि कमरे तो बन गए, लेकिन स्कूल के लिए आज तक रास्ता नहीं बन पाया। बिना रास्ते के ही सालों से स्कूल संचालित हो रहा है। इससे बच्चों और शिक्षकों को आने-जाने में भारी परेशानी होती है।
