कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के खजुरा गांव में बुधवार को प्रसाद वितरण को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, एक पक्ष द्वारा प्रसाद वितरण के दौरान कहासुनी हुई। यह विवाद बढ़ता गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन लोगों को हिरासत में लिया। घायलों को दुर्गावती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि पहले पक्ष के अजय कुमार सिंह और सत्यम कुमार सिंह के विरुद्ध कांड संख्या 268 दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष से नीरज सिंह के विरुद्ध कांड संख्या 269 दर्ज की गई है।

पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच-पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से भी कुछ विवाद चल रहा था। इस मारपीट के मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।