सुपौल के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से 2 कुख्यात अंतरजिला इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। दोनों अपराधी क्रमशः शंभु साह और सुशील कुमार साह, साकिन-गरहा रामपुर, वार्ड नं-07, थाना-शंकरपुर, जिला-मधेपुरा के विरुद्ध कोसी प्रमंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

एसपी शरथ आरएस ने मंगलवार की दोपहर अपने कार्यालय वेश्म में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, ‘सोमवार को गुप्त सूचना मिली कि ये दोनों अपराधी त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन और गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी त्रिवेणीगंज श्री विमल कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कोसी कॉलोनी क्षेत्र से दोनों अपराधियों को एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस, एक DVR, 6 साड़ियां, 5 मोबाइल फोन और एक पंखा के साथ गिरफ्तार किया गया।’

पुलिस के गिरफ्त में 2 अंतरजिला इनामी अपराधी।
अपराधियों के खिलाफ कुल 16 मामले दर्ज

गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ सुपौल जिले के विभिन्न थानों में कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें राघोपुर, छातापुर, करजाईन, त्रिवेणीगंज व मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना में गंभीर कांड शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी से सुपौल जिले के नौ लंबित कांडों का सफल उद्भेदन हुआ है, जिनमें हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट तथा संगठित अपराध की धाराएं शामिल हैं।

गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई को लेकर सुपौल पुलिस द्वारा जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।