इग्नू दरभंगा में नई शिक्षा नीति पर संगोष्ठी,शिक्षा में बदलाव और नए विचारों पर चर्चा

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा :

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र,दरभंगा परिसर में”ज्ञान-सशक्त समाज से ज्ञान-सृजन और नवोन्मेषी पारिस्थितिकी तंत्र की ओर रूपांतरण”विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नई शिक्षा नीति की पांचवीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय निदेशक डॉ.संतन कुमार राम ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा सिर्फ जानकारी का आदान-प्रदान नहीं,बल्कि एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का माध्यम है। उन्होंने बताया कि एनईपी 2020 को आज से ठीक पाँच साल पहले लागू किया गया था और यह शिक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव लाने वाला एक ऐतिहासिक कदम रहा है।डॉ. राम ने कहा कि इस नीति का उद्देश्य छात्रों को सोचने,समझने और समस्याओं को रचनात्मक तरीके से हल करने में सक्षम बनाना है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या हम इस नीति के माध्यम से संविधान के मूल्यों के अनुरूप नागरिक तैयार कर पा रहे हैं? इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रो.(डॉ.) मोहम्मद फैज अहमद,प्राचार्य,कॉलेज ऑफ़ टीचर एजुकेशन,मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू विश्वविद्यालय,दरभंगा ने एनईपी 2020 के पाँच प्रमुख स्तंभ–पहुँच,भागीदारी,गुणवत्ता,सामर्थ्य और जवाबदेही–पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने गांधी जी की मूल शिक्षा पद्धति,व्यावसायिक शिक्षा,शिक्षक प्रशिक्षण और समावेशी शिक्षा पर भी प्रकाश डाला। डॉ. राजीव कुमार,सहायक क्षेत्रीय निदेशक,इग्नू देहरादून ने भी अपने विचार साझा किए।संगोष्ठी के दौरान प्रतिभागियों के सवालों का भी उत्तर दिया गया और नई शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर इग्नू दरभंगा के सभी कर्मचारी,अध्ययन केंद्रों के समन्वयक और सहायक समन्वयक उपस्थित थे।