अररिया-गलगलिया रेलखंड पर सिकटी के बरदाहा में ट्रायल ट्रेन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरदाहा पंचायत के चरघरिया वार्ड नंबर-12, घाट टोला निवासी लाल बहादुर सिंह के बेटे शिवम सिंह के रूप में हुई है।
शिवम रेलवे ट्रैक पर टहल रहा था। इसी दौरान हाई स्पीड पर दौड़ रही ट्रायल ट्रेन की चपेट में वह आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अररिया-गलगलिया रेलखंड पर ट्रायल रन के दौरान ट्रेन लगभग 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही थी। शिवम बरदाहा चरघरिया हाल्ट स्टेशन के पास रेलवे पटरी पर था।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत।
ट्रैक पर बना रहा था रील
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह रेलवे ट्रैक पर रील बना रहा था। तभी अचानक ट्रेन आ गई। उसने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की। लेकिन हाई स्पीड ट्रेन से बचना संभव नहीं हो सका। हादसे के बाद शिवम के शरीर में कई जगह गंभीर चोटें लगीं। इससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। शिवम के परिजनों में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर अक्सर लोग टहलने या अन्य गतिविधियों के लिए आते हैं। इससे ऐसी घटनाएं हो रही हैं। रेलवे प्रशासन ने इस हादसे के बाद लोगों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पर न जाएं और न ही वहां बैठें। रेलवे प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और रेलवे नियमों का पालन करने की अपील की है।
