सुपौल के भीमपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े कुछ युवकों ने हथियारों के साथ खुलेआम प्रदर्शन किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो भीमपुर थाना क्षेत्र के 49 नंबर रेलवे गुमटी के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ युवक हथियार, तलवार और लाठी-डंडे से लैस होकर सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं।
एक युवक देसी कट्टा लहराता नजर आ रहा है। अन्य युवक तलवार और डंडे के साथ आक्रामक मुद्रा में दिख रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी है। दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ने पर एक पक्ष के लोगों ने इस तरह का प्रदर्शन किया। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। लोगों में भय का माहौल है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह दिनदहाड़े हथियारों के साथ प्रदर्शन करना कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है। इससे क्षेत्र की शांति और सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि पुलिस को पहले से विवाद की जानकारी थी। लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ गई।
युवकों की हो रही पहचान
भीमपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि अभी तक इस घटना की कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खेत को लेकर चल रहा विवाद
वायरल वीडियो में दिख रहे दोनों पक्ष ने कुछ दिन पहले अररिया के नरपतगंज थाना में आवेदन दिया था। दोनों पक्ष के बीच खेत को लेकर विवाद चल रहा है। भीमपुर रेलवे गुमटी के पास का ही वीडियो है या नहीं अबतक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
