किशनगंज में शॉर्ट सर्किट से पांच घर जलकर राख:टेढ़ागाछ में दो मवेशी भी जिंदा जले, करीब 7 लाख का नुकसान।

किशनगंज में गुरुवार सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में पांच परिवारों के घर जलकर खाक हो गए, जबकि दो मवेशियों की मौत हो गई। आग की चपेट में आकर अनाज, कपड़े, बर्तन, दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के बैगना पंचायत वार्ड संख्या-10 की है।

अंचल अधिकारी शशि कुमार ने बताया कि राजस्व कर्मचारी विशाल कुमार को घटनास्थल पर भेजा गया है। पीड़ित परिवारों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और लगभग 5 से 7 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। जिनके घर उजड़े, उनमें अबु हसन, शाहवाज आलम, नजरूल आलम, जाविर आलम और आफाक आलम शामिल हैं।

आगजनी में पांच परिवारों के घर जलकर खाक हो गए
आग की लपटों में सब कुछ खाक

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरे घर जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। टेढ़ागाछ और बहादुरगंज से पहुंची दमकल टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

सड़क पर आ गए हैं हम- पीड़ित

घटना से सदमे में आए पीड़ितों ने कहा- “सालों की मेहनत पल भर में राख हो गई। अब हमारे पास न रहने का ठिकाना है, न खाने को कुछ बचा है।”

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, अस्थायी आवास और मुआवजा की मांग की है।