बिरौल में भारी संख्या में शराब जब्त, तस्कर महेंद्र तांती गिरफ्तार, 122 लीटर से अधिक शराब बरामद।

दस्तक7मिडिया, बिरौल दरभंगा।

स्थानीय थाना पुलिस ने आज दोपहर गश्ती के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए महावीर नगर कोठी पुल, एस.एच. 17 के निकट से एक शराब तस्कर को भारी मात्रा में शराब के साथ गिरफ्तार किया है। दोपहर करीब 2:00 बजे हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 122.4 लीटर ऑफिसर चॉइस शराब जब्त की।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान बालेश्वर तांती के पुत्र महेंद्र तांती के रूप में हुई है, जो लंबे समय से शराब तस्करी में लिप्त था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महेंद्र तांती एक मोटरसाइकिल से बने तीन पहिया ठेले में शराब लेकर सहरसा से वसुनिया की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक गश्ती दल ने महावीर नगर कोठी पुल, एस.एच. 17 के पास घेराबंदी की। जब पुलिस ने महेंद्र तांती के ठेले की तलाशी ली, तो उसमें लोहे की चदरों के पीछे छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब देखकर पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग दंग रह गए। जब्त की गई शराब में ऑफिसर चॉइस ब्रांड के 180 एमएल के कुल 680 डिब्बे शामिल थे, जिनकी कुल मात्रा 122 लीटर 400 एमएल है।
इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह के साथ गश्ती दल में सुभाष चंद्र मंडल, सलीम रजा सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शराब तस्कर महेंद्र तांती को जब्त शराब के साथ न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान और तेज होने की उम्मीद है।