उदय शंकर यादव के नेतृत्व में राजद का विरोध प्रदर्शन,सड़क की हालत को लेकर सरकार पर हमला

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

राष्ट्रीय जनता दल की ओर से दरभंगा के दोनार गुमटी चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन जिला अध्यक्ष उदय शंकर यादव के नेतृत्व और युवा महानगर अध्यक्ष राकेश नायक की अध्यक्षता में हुआ। प्रमुख नेताओं में गुलाम हुसैन चीना साहब,स्वाती देव,भोलू यादव,टुनटुन यादव,रवि राम,बलदेव राम,सुभाष पासवान,सुबंश यादव,पन्ना लाल यादव,पिंटू राम और विद्या साहनी का नाम शामिल है।प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार की नीतियों और खराब सड़कों को लेकर नाराजगी जताई। दोनार गुमटी से बेनीपुर जाने वाली सड़क की स्थिति को लेकर लोगों में भारी गुस्सा देखा गया। सड़क इतनी खराब है कि लोग पैदल भी नहीं चल सकते। विरोध के तौर पर कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धान की रोपनी की। जिला अध्यक्ष उदय शंकर यादव ने कहा कि जहां एक तरफ लोग सूखे से परेशान हैं,वहीं दूसरी ओर सरकार विकास के झूठे दावे कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 20 सालों से सरकार को केंद्र से पैसा मिलता रहा,लेकिन धरातल पर काम नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि जब लालू प्रसाद यादव ने विशेष पैकेज दिलाया था,तब सड़कों और नालों का काम हुआ। लेकिन अब हालात बेहद खराब हो गए हैं। केंद्र की सरकार ने जो 90,000 करोड़ या सवा लाख करोड़ देने की बात कही थी,वह पैसा आज तक नहीं मिला। इससे बिहार का विकास रुक गया है। राजद नेताओं ने यह भी पूछा कि बीजेपी सांसद कीर्ति झा आजाद,गोपाल जी ठाकुर,संजय झा,और संजय सरावगी द्वारा किए गए शिलान्यास के बाद भी दोनार गुमटी पर अब तक आरओबी क्यों नहीं बना।राजद ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्दी कार्रवाई नहीं की तो जनता जवाब देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सड़क से सदन तक इस मुद्दे पर लड़ाई लड़ेगी और सड़क व पुल का निर्माण करवा कर ही दम लेगी। सभा के अंत में सभी नेताओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए लोगों का धन्यवाद किया और आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन में राजद के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।