दरभंगा: सुपौल बाजार में बकाया रुपये को लेकर एक पक्ष ने पिता-पुत्र के साथ किया मारपीट। डीएमसीएच रेफर।

दस्तक7मिडिया, दरभंगा।

 

दरभंगा जिले के बिरौल स्थित सुपौल बाजार में बकाया रुपये को लेकर विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। सात महीने से चले आ रहे विवाद के चलते एक पक्ष ने पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
रामबाबू माहथा और उनके बेटे राजा माहथा पर हुए इस हमले के बाद परिजनों ने उन्हें पहले अनुमंडल अस्पताल बिरौल में भर्ती कराया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बिरौल चौक स्थित घटनास्थल का मुआयना किया, फिर घायल व्यापारी रामबाबू माहथा के घर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान श्री माहथा के छोटे पुत्र ने विवाद का बजह पुलिस पदाधिकारी को बताया। यह पूरा मामला सात महीने पुराना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, रामबाबू माहथा ने अपने बेटे की शादी के लिए बिरौल चौक स्थित डब्ल्यू सिंह से टेंट लगवाने की बात की थी। रामबाबू माहथा का आरोप था कि डब्ल्यू सिंह ने समझौते के अनुसार टेंट नहीं लगाया। इसी के चलते उन्होंने टेंट हाउस मालिक के 2 लाख 16 हजार रुपये रोक रखे थे। डब्ल्यू सिंह लगातार अपने पैसों की मांग कर रहे थे, लेकिन यह मामला सुलझ नहीं पाया और आखिरकार यह विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष यतीन्द्र महतो सहित कई दुकानदारों ने दुःख व्यक्त करते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बकाया राशि को लेकर है। इसको लेकर किसी के साथ मारपीट करना अपराध माना जायेगा। उन्होंने बताया फर्द बयान आने के बाद एफआईआर दर्ज किया जाएगा।
पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।