किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड में सावन की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही भक्तों ने कतारबद्ध होकर जलाभिषेक किया। युवाओं और युवतियों ने भगवान शिव से उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना की।
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के सुहिया, शिव मंदिर चौक सुहिया, खजूरबाड़ी शर्मा टोली, फाराबाड़ी और काशलता में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। खनियाबाद, बैगना, कालापहाड़, फुलबड़िया और भोरहा पैकटोला में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी। फतेहपुर, बेणुगढ़, शीशागाछी, बीबीगंज और टेढ़ागाछ मुख्यालय सहित दर्जनों मंदिरों में पूजा-अर्चना हुई।
श्रद्धालु चांदनी कुमारी ने कहा कि सोमवारी का यह पर्व आत्मिक शांति और ईश्वर से जुड़ने का माध्यम है। हर जगह भक्ति, श्रद्धा और अनुशासन का संगम दिखा। शिवभक्तों ने शांतिपूर्ण माहौल में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बनाया। इस धार्मिक आयोजन में हर वर्ग और समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
