सुपौल के डगमारा थाना क्षेत्र में सिकरहट्टा-मझारी सड़क पर कार ने बाइक सवार स्कूल प्रधानाध्यापक को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने घायल को अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया। घायल की पहचान कुमार त्रिपुरारी शरण के रूप में हुई है। वे नथु कोसी +2 उच्च विद्यालय डगमारा में कार्यरत है।
एसडीएच निर्मली के डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक को सिर, नाक, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
स्कूल से घर लौटने के दौरान हादसा
हादसा तब हुआ जब प्रधानाध्यापक स्कूल से घर लौट रहे थे। विपरीत दिशा से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और प्रधानाध्यापक सड़क पर गिर पड़े। डगमारा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुमार त्रिपुरारी शरण नगर पंचायत निर्मली के वार्ड नंबर-6 की प्रोफेसर कॉलोनी के रहने वाले हैं। उनके पिता गोविंद शरण सिंह एचपीएस कॉलेज निर्मली के पूर्व प्रधानाचार्य रह चुके हैं। घटना की जानकारी मिलते ही निर्मली के बीईओ मधुसूदन सिंह समेत कई शिक्षाविद अस्पताल पहुंचे।
