भदोही जनपद में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सीतामढ़ी केंद्रीय जल आयोग गेज स्टेशन पर शनिवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 77.95 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी बिंदु 80.20 मीटर से 2.25 मीटर नीचे है।

जलस्तर हर चार से पांच घंटे में एक सेंटीमीटर की दर से बढ़ रहा है। 81.20 मीटर खतरे का निशान माना जाता है। जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है।

गंगा किनारे बसे सीतामढ़ी, भरतपुर, भद्रस, गिराव, तिवारीपुर, मझगांवा और महराजगंज के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। ग्राम प्रधानों और राजस्व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। नाविकों को गंगा में अनावश्यक आवागमन से बचने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन गांवों में मुनादी, लाउडस्पीकर और मोबाइल संदेशों से लोगों को सतर्क कर रहा है। गंगा किनारे के प्राथमिक विद्यालयों और पंचायत भवनों को अस्थाई राहत केंद्र बनाया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।