जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर ने अररिया के सिकटी विधानसभा क्षेत्र में बिहार बदलाव सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने अब तक अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट नहीं दिया। पीएम मोदी बिहार का वोट और देश का पैसा लेकर गुजरात में फैक्ट्रियां लगवा रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि लोग पांच किलो अनाज, सिलेंडर और बिजली से संतुष्ट हैं। लेकिन वे यह नहीं सोचते कि उनके बच्चों को शिक्षा और रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने वादा किया कि विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में बच्चों को अच्छी शिक्षा और रोजगार मिलेगा।
किशोर ने घोषणा की कि दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर व्यक्ति को 2000 रुपए मासिक पेंशन दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि इस साल छठ के बाद अररिया के युवाओं को 10-12 हजार रुपए की नौकरी के लिए अपना घर छोड़कर बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
प्राइवेट स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का किया ऐलान
इसके साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान किया कि जब तक सरकारी विद्यालयों में सुधार नहीं हो जाएगा, तब तक आप अपने 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाएं। उनकी फीस सरकार भरेगी ताकि गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढ़ सके।
समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया अभिनंदन
इस दौरान मंच पर जन सुराज के जिलाध्यक्ष अली राजा, राज्य कार्यकारिणी सदस्य डॉ फरहत आरा, कोर कमेटी सदस्य फैसल जावेद, सीमांचल प्रभारी डॉक्टर रजनीश कुमार झा समेत कई नेता मौजूद रहे। जोकीहाट से सिकटी तक के रास्ते में स्थानीय लोगों ने प्रशांत किशोर का फूल-मालाओं से स्वागत किया। पार्टी समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया।
