बहेड़ी में स्नातकोत्तर पढ़ाई शुरू कराने के लिए बेनीपुर विधायक की पहल

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

बहेड़ी के बिलट महथा आदर्श महाविद्यालय में अब स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। इस दिशा में विधायक प्रो.विनय कुमार चौधरी ने बड़ी पहल की है। मंगलवार को उन्होंने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी से मुलाकात की और कॉलेज में पीजी कोर्स शुरू कराने की मांग की। इसके बाद विधायक ने विज्ञान संकाय निरीक्षक प्रो.अरुण कुमार,वाणिज्य संकाय निरीक्षक डॉ. विजय यादव और छात्र संकाय अध्यक्ष प्रो.अशोक कुमार मेहता से भी मिलकर कॉलेज में कला,विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों में पीजी की पढ़ाई शुरू करने के लिए औपचारिक प्रक्रिया शुरू करने की बात रखी।कुलपति ने इस मांग को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। सभी अधिकारियों ने मिलकर इस पर विचार किया ताकि जल्द से जल्द कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू हो सके। विधायक प्रो. चौधरी ने भरोसा जताया कि विश्वविद्यालय और संबंधित पदाधिकारियों की सकारात्मक पहल से सरकार से भी जल्द अनुमति मिल जाएगी। इससे बहेड़ी के छात्रों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा।