भगवानपुर हाट प्रखंड में किसी भी मतदाता को पावती रसीद नहीं दी जा रही है। जबकि नियम के अनुसार मतदाता को पावती रसीद मिलनी चाहिए। मतदाता गहन पुनरीक्षण का काम तेज गति से चल रहा है। बीएलओ गांव-गांव और घर-घर जाकर मतदाताओं से जानकारी ले रहे हैं।
वे जन्म तिथि, माता-पिता या पति-पत्नी का नाम, और मतदाता सूची में दर्ज इपिक नंबर फॉर्म में भरवा रहे हैं। इसके बाद फॉर्म अपने साथ ले जा रहे हैं। अगर किसी कारण से मतदाता या उसके परिवार के किसी सदस्य का नाम ड्राफ्ट प्रकाशन में नहीं आता है, तो वह एक अगस्त से एक सितम्बर तक आपत्ति दर्ज करा सकता है।
मतदान केंद्र संख्या 316 एसएस उच्च विद्यालय के मतदाता देवानंद राम ने बताया कि बीएलओ घर आए, फॉर्म भरवाया और चले गए। लेकिन कोई पावती रसीद नहीं दी। मतदान केंद्र संख्या 243 उत्क्रमित मध्य विद्यालय चक्रवृद्धि के मतदाता अशोक कुमार शर्मा ने भी यही बात कही। कई बीएलओ ने बताया कि उन्हें सिर्फ एक प्रति फॉर्म मिला है। उसी को भरवा कर जमा कर रहे हैं। इस संबंध में प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ कुमार विशाल ने बताया कि शुरुआत में बीएलओ को एक ही प्रति फॉर्म दिया गया था। अब दूसरी प्रति बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं को दी जाएगी।
हसनपुरा प्रखंड क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण कार्य को लेकर विभिन्न बूथों पर विभिन्न बीएलओ द्वारा अलग-अलग कार्य को करते देखा गया। जहां हरपुर कोटवा स्थित बूथ संख्या 68 के बीएलओ द्वारा लोगों को पुनरीक्षण फॉर्म, दो प्रति भरवाने के बाद पुनः दोनों प्रति ले लिया जा रहा है। वही लोगों को रिसीविंग के नाम पर कुछ नही दिया जा रहा है। लोगों में डर है कि कहि मेरा नाम तो नही कटेगा। वही उसरी के बूथ संख्या 153 के बीएलओ द्वारा मात्र एक प्रति लोग को दे रहे है और खुद भरकर जमा ले रहे है। रिसीविंग नही मिल रहा है।
16 लाख 4 हजार मतदाताओं का पुनरीक्षण हो गया सीवान जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 26 लाख 314 है। जिनमें से अभी तक 16 लाख 4 हजार मतदाताओं का पुनरीक्षण का कार्य संपन्न हो चुका है। जिले में लगभग 61.50 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ हर घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण कर उसे भरवाने के पश्चात संग्रहित कर रहे हैं। -सोहेल अहमद, उप निर्वाचन पदाधिकारी
