कैमूर के चैनपुर विधानसभा के जदयू नेता आलोक सिंह ने बसपा का दामन थाम लिया है। कैमूर में समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। आलोक सिंह पहले चैनपुर विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी रह चुके हैं। उन्होंने पार्टी बदलने का कारण बताते हुए कहा कि बिहार में अपराध बढ़ रहा है। नीतीश कुमार के पहले और वर्तमान कार्यकाल में काफी अंतर है।
हाल ही में खेमका और एक व्यापारी की पटना में हत्या हुई है। सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है।
कैमूर में आलोक सिंह का समर्थकों ने किया स्वागत।
उन्होंने चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास के अभाव का मुद्दा भी उठाया। सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। अधौरा प्रखंड के पहाड़ी इलाके में लोगों को पानी के लिए 5 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है।
6 साल पहले रोपवे का किया था वादा
रोजगार के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की। उनका कहना है कि कोई नई फैक्ट्री नहीं लगी है। मां मुंडेश्वरी धाम में 6 साल पहले रोपवे का वादा किया गया था। लेकिन अभी तक शिलान्यास भी नहीं हुआ है। आलोक सिंह ने कहा कि बसपा शोषित, दलित, गरीब और मजदूर वर्ग के लिए काम करती है।
