सावन की पहली सोमवारी पर किशनगंज में आज अद्भुत नजारा देखने को मिला। ऐतिहासिक बाबा भूतनाथ गौशाला मंदिर में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने ओद्रा घाट बेलवा से जल भरकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।

सुबह से ही शहर और प्रखंड के तमाम शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्ति में डूबे कांवरियों ने बोल बम के जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

श्रद्धालुओं के सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस।

ठाकुरगंज से पावरहाउस तक शिवालयों में भीड़

श्री हरगौरी मंदिर (ठाकुरगंज), श्रीराम जानकी मंदिर (भातढाला चौक) और श्री त्रिमूर्ति मंदिर (पावरहाउस), इन सभी शिवालयों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों के पट खुलते ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया।

समुद्र मंथन की कथा भी सुनाई गई

श्री हरगौरी मंदिर के पुरोहित पार्वती चरण गांगुली ने बताया कि सावन की पहली सोमवारी का खास महत्व है। समुद्र मंथन के दौरान इस दिन ऊंचेश्रवा घोड़ा प्राप्त हुआ था, जो निरंतर प्रगति और अडिग श्रद्धा का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि सोमवार का दिन शिवजी को समर्पित है। बेलपत्र, दूध, दही, गंगाजल, फल-फूल अर्पित करने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

जिला प्रशासन ने पूरी व्यवस्था को संभालने के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए। भीड़ को देखते हुए भूतनाथ मंदिर, श्री हरगौरी मंदिर और ओद्रा घाट से भूतनाथ मंदिर तक के रास्ते में विशेष सुरक्षा बल तैनात किया गया।

SDM अनिकेत कुमार, SDPO गौतम कुमार और SP सागर कुमार ने व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए।

कांवरिया सेवा समिति ने किया सेवा कार्य

बोल बम कांवरिया सेवा समिति ने श्रद्धालुओं के लिए जलपान, प्राथमिक उपचार और विश्राम की व्यवस्था की। शाम को भूतनाथ मंदिर में शिवलिंग का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। ओद्रा घाट से जल लाने वाले कांवरियों में विशेष उत्साह देखा गया।