भागलपुर के सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम के नमामि गंगा घाट में एक आपदा मित्र डूब गए। दूसरी ओर कमरगंज गंगा घाट पर एक कांवरिया डूब गए है। घटना से आक्रोशित कांवरियों ने सड़क जाम कर दिया है। लापता कांवरिया के पिता ने कहा है कि मेरा बेटा चला गया, अब हम भी मर जाएंगे।

सुल्तानगंज में श्रावणी मेला के दूसरे दिन शनिवार को दो अलग-अलग गंगा घाटों पर हादसा हुआ है। एक आपदा मित्र और एक कांवरिया गंगा में डूबे है।

नमामि गंगे घाट पर डूबे आपदा मित्र अभय राज (23) नगर परिषद सुल्तानगंज के शाहाबाद वार्ड-24 के रहने वाले है। जिन्हें मेला ड्यूटी में अंचल पदाधिकारी ने तैनात किया था। सुबह गंगा घाट से फोन पर परिजनों को जानकारी मिली कि अभय डूब गए हैं। घाट पर उनके कपड़े और चप्पल बरामद हुए हैं।

आपदा मित्र अभय राज के भाई निर्भय कुमार ने बताया कि हादसे के बाद अंचलाधिकारी रवि कुमार को फोन कर सूचना दी गई। लेकिन चार घंटे बाद तक कोई तलाश शुरू नहीं की गई। दूसरी ओर, शव की तलाश में लगी एसडीआरएफ की टीम ने कहा कि गैस सिलेंडर खत्म हो जाने के कारण खोजबीन का काम रुका हुआ है। पटना से सिलेंडर मंगाया गया है, उसके बाद ही दोबारा सर्च ऑपरेशन चलेगा।

कमरगंज घाट पर कांवरिया डूबे, सड़क जाम

कमरगंज गंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान पश्चिम चंपारण के धनहा थाना क्षेत्र के तमकुआ निवासी कांवरिया गोविंद गुप्ता (19 ) डूब गए। परिजनों का आरोप है कि कई घंटों तक भी प्रशासन की ओर से कोई तलाशी अभियान शुरू नहीं किया गया।

आक्रोशित कांवरियों ने शव की खोजबीन की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, पूर्व एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार पोद्दार और अंचलाधिकारी रवि कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पदाधिकारियों से बातचीत की।

विधायक ने बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। प्रशासन को तत्काल शव की खोजबीन करनी चाहिए।

पूर्व एमएलसी डॉ. संजीव पोद्दार ने कहा कि उद्घाटन के अगले ही दिन ऐसी घटना होना मेला व्यवस्था की पोल खोलता है।

डूबे दोनों युवकों की तलाश जारी

एसडीआरएफ हवलदार रविंद्र कुमार पासवान ने बताया कि डूबे दोनों युवकों की तलाश जारी है। तकनीकी संसाधनों की सीमाओं के कारण कुछ देरी हो रही है, लेकिन प्रयास तेज कर दिए गए हैं। हम लोग लोकल लोगों को यहां रोक नहीं सकते हैं। 4 बोट से दोनों की तलाश की जा रही है। गोताखोरों ने तलाश की है। अभी सिलेंडर खत्म हो गया है। ये पटना से आता है।

इधर, हादसे के बाद दोनों पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ रवि कुमार ने कहा कि घटना स्थल पर पहुंचे है। पदाधिकारियों से बातचीत की है। डूबे लोगों को जल्द से जल्द खोजा जा रहा है।